Jalandhar(S.K Verma,Muskan):
भारतीय जनता पार्टी, पंजाब का विस्तार लगातार जारी है। विपक्षी दलों के नेता लगातार अपनी-अपनी पार्टियों को अलविदा कह कर भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज शिरोमणि अकाली दल के धुरंधरों ने जालंधर में भाजपा का कमल थाम लिया। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री व प्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी गजेंदर सिंह शेखावत ने जालंधर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन सभी को भाजपा का सिरोपा पहना कर भाजपा परिवार में शामिल करवाया। जालंधर पहुँचने पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा ने अपनी टीम के पदाधिकारियों सहित राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व का स्वागत किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश, सांसद हंस राज हंस, प्रदेश भाजपा महासचिव राजेश बागा, दयाल सिंह सोढ़ी आदि भी उपस्थित थे।
गजेंदर सिंह शेखावत ने इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज पंजाब बेहद कठिन तथा चुनौतीपूर्ण समय से गुजर रहा है और भाजपा सत्ता में आने पर प्रदेश को इससे निकालने में विस्तृत रोडमैप देगी। मुख्यमंत्री व राज्य सरकार का मौलिक कर्तव्य प्रदेश में कानून और व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री के अधीन पूरी पुलिस, एजेंसियां और प्रशासन होता है। लेकिन चन्नी ने राज्य की सुरक्षा को ही दांव पर लगा रखा है। राज्य में फैली अराजकता व दहशत के लिए चन्नी, सिद्धू व उनकी सरकार को जिम्मेदारी लेनी होगी और लोग उन्हें ही जवाबदेह ठहराएंगे, जो अपनी नाकामियों का दोष दूसरों के सिर पर मढ़ते हैं। भाजपा किसी को भी बेहद मुश्किल से मिली इस शांति को भंग करने की इजाजत नहीं दी देगी।
शेखावत ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हमेशा राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखती है और राष्ट्र-विरोधी तत्वों को कोई स्थान नहीं देती। सामाजिक सद्भावना व भाईचारे को किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों तथा देश-हित्त की सोच से प्रभावित होकर विपक्षी दलों के नेता लगातार भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं।
राजेश बागा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आज भाजपा परिवार में शामिल होने वालों में शिरोमणि अकाली दल के फतेहगढ़ साहिब से पूर्व विधायक व शिरोमणि अकाली दल वर्किंग कमेटी के सदस्य दीदार सिंह भट्टी, शुतराना से कांग्रेस के पूर्व विधायक व एस.सी. कमीशन पंजाब के मौजूदा सदस्य के पुत्र सतवंत सिंह मोहि, शिरोमणि अकाली दल के माझा के जरनैल कहे जाने वाले बिक्रमजीत सिंह मजीठिया के मीडिया एडवाईजर प्रो. सरचाँद सिंह (अमृतसर), विधानसभा बलाचौर से शिअद के स्पोर्ट्स विंग के अध्यक्ष राजपाल चौहान, स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन ऑफ़ इंडिया के जोन अध्यक्ष अमृतपाल सिंह डल्ली (जालंधर) तथा फतेहगढ़ साहिब से म्युनिसिपल कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष व यूथ अकाली दल कोर कमेटी सदस्य गुरबिंदर सिंह भट्टी अपने साथियों सहित भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में इन्हें पूरा माँ-सम्मान दिया जायेगा और यह सभी अपने-अपने इलाकों में पार्टी की विचारधारा व केंद्र सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार कर भाजपा उम्मीदवारों के जीत में एहम भूमिका निभायेंगें।