

Amritsar(Rajeev Sharma):
भारतीय जनता पार्टी अमृतसर के अध्यक्ष सुरेश महाजन ने विधानसभा चुनाव में जनता द्वारा भाजपा को दिए गए फतवे का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी को जीत के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाँच राज्यों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब को छोड़ कर बाकि चार राज्यों में क्लीन स्वीप करते हुए प्रचंड बहुमत से दोबारा वापसी की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा को करीब डेढ़ साल से विपक्षी दलों के इशारे पर चलाए गए किसान आन्दोलन का सामना करना पड़ा और इस आन्दोलन के दौरान भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं का बाहर निकलना भी मुशील रहा। हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं, कार्यक्रमों व कार्यालयों पर पुलिस की आंखों के सामने जान लेवा हमले किए गए। लेकिन पंजाब सरकार द्वारा कोई कारवाई नहीं की गई। इतना सब कुछ होने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ताओ ने अपना हौंसला नहीं हारा और किसान आंदोलन के खत्म होते ही चुनाव मैदान में डट गए। हालांकि फिर भी कई जगह भाजपा को विरोध का सामना करना पड़ा। इस सब के बावजूद जनता द्वारा भाजपा को अथाह समर्थन दिया गया। इसके लिए धन्यवाद।
सुरेश महाजन ने कहा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार अपने दम पर प्रदेश की 73 सीटों पर चुनाव लड़ा है और पंजाब की लगभग सभी सीटों पर विरोधियों को कांटे की टक्कर दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में जनता द्वारा दिए गए बदलाव के मैंडेट ने कांग्रेस व अकाली दल के कभी न हारने वाले नेताओं को भी इस बार नकार दिया गया है। हालांकि भाजपा को प्रदेश में दो सीटें ही मिल पाई है, लेकिन भाजपा को वोट प्रतिशत का ग्राफ बढ़ा है और यह सब कार्यकर्ताओं की बहुत कम समय में अथक मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अब हम सब को मिल कर पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए कंधे से कन्धा मिलाकर चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही सेवा ही संगठन को लेकर पूरे देश में कार्य कर रही है और पंजाब की जनता की भाजपा के प्रति विश्वनीयता को और मजबूत बनाने के लिए पंजाब की जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।