Chandigarh(Rahul Goel):
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद एक महीने के अंदर 30 से अधिक हुई हत्याओं तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा पंजाब के प्रशासनिक अधिकारीयों को दिल्ली तलब कर उनसे पंजाब के मुद्दों पर बैठक करने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की अध्यक्षता में शिष्टमंडल ने पंजाब के राज्यपाल श्री पुर्हित जी से मुलाकात की और उन्हें पंजाब में फैली अराजकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। भाजपा शिष्टमंडल में प्रदेश भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता, डॉ. सुभाष शर्मा, राजेश बागा तथा दयाल सिंह सोढ़ी आदि शामिल थे।
अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि चुनाव से पहले अरविन्द केजरीवाल तथा भगवंत मान दोनों जनता से कहते फिरते थे कि पंजाब में सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है, लेकिन अगर पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार बनाती है तो पंजाब की सरकार पंजाब से चलाई जाएगी। शर्मा ने सवाल किया कि जब पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान को बनाया गया है और पंजाब से संबधित सभी अधिकारीयों से बैठक और उन्हें सवाल-जवाब करने के अधिकार पंजाब के मुख्यमंत्री के पास हैं तो फिर दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल को पंजाब के अधिकारीयों की बैठक बुलाने का अधिकार किसने और कैसे दिया? उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने एक महीने में साबित कर दिया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पंगु हैं और भगवंत मान केजरीवाल की कठपुतली हैं।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि केजरीवाल और भगवंत मान दोनों ही जनता के साथ किए अपने वादों को पूरा करने से मुकर गए हैं। पंजाब की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। अब केजरीवाल तथा भगवंत मान दोनों ठगों की जोड़ी ने अन्य चुनावी राज्यों में जाकर पंजाब की मिसाल देकर झूठा प्रचार करना शुरू कर दिया है। लेकिन इन दोनों को यहाँ पर मुँह की खानी पड़ेगी।