अमृतसर, 18 सितंबर (अरोड़ा): भारतीय जनता पार्टी, अमृतसर के जिलाध्यक्ष सलिल कपूर के नेतृत्व में जिला टीम के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर अमृतसर रेलवे स्टेशन परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर भाजपा के सांसद राघव चड्डा व पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ राकेश गिल, बख्शी राम अरोड़ा, डॉ. राम चावला, कुमार अमित, जिला महासचिव मनीष शर्मा, संजीव कुमार, संजय शर्मा, मोहित महाजन, मंजीत कौर थिंद, पार्षद कृति अरोड़ा, पार्षद श्रुति विज, अलका शर्मा, गौतम अरोड़ा आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
सलिल कपूर ने इस अवसर पर सभी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा, सुशासन व राष्ट्र निर्माण हेतु समर्पित प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा के 25 क्र्शों के नाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर देश भर की तरह अमृतसर में भी यह कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जहाँ राष्ट्र का उत्थान हुआ है, वहीं भारत को नई वैश्विक पहचान भी मिली है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के नए पथ पर अग्रसर है। उनके जनकल्याणकारी निर्णयों और अंत्योदय की सोच ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाया है। इसी सोच और समर्पण को नमन करते हुए कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर खुशियां मनाईं और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।
सलिल कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए अमृतसर जिले के सभी मंडलों में बूथ स्तर तक विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसके तहत गुरुद्वारा साहिब में अरदास, मंदिरों आदि में दीप प्रज्वल्लित करना, साफ़-सफाई, सेवा कार्य आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण अभियान भी आयोजित किए गए हैं।
सलिल कपूर ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।