अमृतसर, 19 सितंबर (हरीश): केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को अमृतसर की विभिन्न व्यापारी एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बीजेपी जिलाध्यक्ष सलिल कपूर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक की। इस बैठक के दौरान स्थानीय कारोबारियों और उद्योगपतियों ने शहर के व्यापार क्षेत्र से जुड़ी अपनी प्रमुख समस्याओं और चुनौतियों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक भी उपस्थित थे। हरदीप पुरी का बैठक स्थल पर पहुंचने पर सलिल कपूर ने अपने पदाधिकारियों के साथ पुष्पगुच्छ व दोशला देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान व्यापारी वर्ग ने अमृतसर में व्यापार को बढ़ावा देने, कर प्रणाली से जुड़ी अड़चनों, बुनियादी ढांचे में सुधार और स्थानीय उद्योगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ने संबंधी कई मुद्दे उठाए तथा केन्द्रीय मंत्री को अपना अपना मांगपत्र सौंपा।
कारोबारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण अमृतसर में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें साकार करने के लिए केंद्रीय स्तर पर विशेष सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि पिछले लंबे समय से भारत पाकिस्तान के बीच हुए तनाव के बाद दोनों देशों के बीच बंद हुए व्यापार को फिर से शुरू करवाया जाए।
हरदीप सिंह पुरी ने सभी प्रतिनिधियों की बातों और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की वाजिब समस्याओं का जल्द से जल्द सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमृतसर न केवल पंजाब की धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी है, बल्कि व्यापार का भी एक बड़ा केंद्र है। केंद्र सरकार स्थानीय उद्योगों को सशक्त बनाने और क्षेत्र में व्यापार अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कारोबारियों की समस्याओं को संबंधित मंत्रालयों के समक्ष उठाकर प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।
हरदीप पुरी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में वैश्विक हालातों के उथल पुथल के बावजूद मोदी सरकार ने देश की जनता के हित्त में निर्णय लेकर पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य नहीं बड़ने दिए, जबकि कनाडा और अमेरिका सहित हमारे पड़ोसी देश में इनके दाम बेतहाशा बढ़ गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा देश में ऐतिहासिक विकास करवाया गया तथा भारत को विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनाकर भारत का नाम विश्व पटेल पर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज कराया। आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भगवंत मान तथा केजरीवाल के कुशासन के कारण आज पंजाब बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। पंजाब में अराजकता का वातावरण बन गया है। जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। जनता को सुरक्षा देने वाली पुलिस खुद असुरक्षित है। पुलिस वालों व थानों पर अपराधियों द्वारा सरेआम हमले किए जा रहे हैं। पंजाब का नौजवान बेरोजगार है और नशे की दलदल में फंस चुका है। जनता इनके कुशासन से त्राहि त्राहि कर रही है। जनता जान चुकी है कि भाजपा ही पंजाब का भविष्य है और पंजाब में बीजेपी की डबल इंजन सरकार बना कर ही पंजाब, पंजाबियत तथा नशे की दलदल में फस चुके नौजवानों तथा भाभी पीढ़ी को बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि 2027 में पंजाब में भी भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता के समर्थन से बनना तय है। जनता सिर्फ मतदान का इंतजार कर रही है।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा नेता, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने केंद्रीय मंत्री का उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देने पर धन्यवाद व्यक्त किया।